Uttar Pradesh weather alert: (agency) उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवात का असर साफ दिख रहा है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग की ओर से सोमवार को राजधानी समेत पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक बारिश जैसी स्थिति के आसार जताए गए थे। सोमवार की सुबह से ही राजधानी लखनऊ में गरज के साथ बारिश शुरू हो गई। राजधानी लखनऊ में पिछले चार दिनों से मौसम खुशगवार बना हुआ है। बादलों की आवाजाही जारी है और हवाएं चलने से गर्मी का अहसास कम है। इस बीच मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार सुबह से लखनऊ और आसपास के जिलों में भी बारिश हो सकती है। सोमवार भोर 3 बजे से ही मौसम में बदलाव दिखा। आसमान में बादल छाए। तेज हवाएं चलने लगी।
मौसम विभाग का आया अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में कहा गया है कि शहर में सोमवार को भी सुबह से बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी होगी। देर शाम मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि लखनऊ में मंगलवार को भी बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना रहेगी। इसके बाद बुधवार से मौसम थोड़ा साफ होगा और बारिश थमेगी। इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है। राजधानी लखनऊ में 16 मार्च को न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस था तो 19 मार्च को 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस प्रकार राजधानी में ठंड का प्रभाव एक बार फिर बनता हुआ दिखा।
नोएडा और गाजियाबाद में बारिश के आसार
नोएडा और गाजियाबाद में बारिश के आसार बने हुए हैं। दोनों शहरों का तापमान पिछले दिनों 34 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। बारिश की वजह से अब इसमें 9 डिग्री तक की कमी आई है। शहर में बारिश के आसार अब भी बने हुए हैं। शनिवार दोपहर बाद हुई तेज बारिश और ओले पड़ने का असर अगले दिन भी देखा गया। शहर के तापमान में कमी दर्ज की गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस सामान्य से पांच डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।