WhatsApp Image 2022 03 19 at 5.51.40 PM

मेरठ,होली पर शनिवार को थाना सदर बाजार क्षेत्र के हनुमान चौक पर मोबाइल लूट कर भाग रहे बदमाश का पीछा करते हुए हादसे में दो सिपाही गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों को गंभीर अवस्था में न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया है। साथ ही मोबाइल लुटेरे को भी दबोच लिया गया। शनिवार की सुबह आठ बजे हनुमान चौक से बदमाश अनस ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल लूट लिया था। उसी समय फैंटम पर सवार सिपाही विवेक सिसौदिया और रुपेश मौजूद थे। पीडि़त के शोर मचाने पर दोनों सिपाहियों ने फैंटम से बदमाश का पीछा किया।

कैंट एरिया होते हुए बदमाश भूसा मंडी से दिल्ली रोड पर आ गए। इसी बीच फैंटम चला रहे सिपाही विवेक ने उनका पीछा किया। बताया जाता है कि सिपाही ने रेलवे रोड की केसरगंज चौकी पर पीछा करते हुए बदमाशों को घेर लिया। पीछे से बदमाशों की बाइक में विवेक ने टक्कर मार दी। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि केसरगंज चौकी के पास बदमाश और पुलिस दोनों की बाइक फिसल गई। हादसे में दोनों सिपाहियों को गंभीर चोट आई। एक बदमाश अनस भी मौके से भीड़ ने दबोच लिया। उसका दूसरा साथी भाग गया। सूचना के बाद सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। तभी दोनों सिपाहियों को न्यूटिमा अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि हादसा कैसे हुआ इसकी विस्तार से जांच कराई जा रही है।